झाबुआ – । कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने शुक्रवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिटोल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, उपचार व्यवस्था, गर्भवती महिलाओं को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा संस्थान में उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जानकारी प्राप्त हुई कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ चिकित्सक की ड्यूटी जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कार्य हेतु लगाई गई है, जिसके कारण वे उस समय स्वास्थ्य केंद्र में उपस्थित नहीं थे। इस दौरान ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचे मरीजों एवं गर्भवती महिलाओं को प्रतीक्षा करते देख कलेक्टर डॉ. भरसट ने स्वयं एक चिकित्सक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया ।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने ओपीडी में उपस्थित गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। उन्होंने गर्भावस्था की अवधि, नियमित जांच, पोषण, टीकाकरण एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों के बारे में महिलाओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा चिकित्सकीय परामर्श का पालन करने की समझाइश भी दी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं की एएनसी (Ante Natal Check-up) संबंधी जानकारी का परीक्षण किया तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जाने वाली ऑनलाइन प्रविष्टियों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों से एएनसी जांच की ऑनलाइन एंट्री प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की और मौके पर ही गर्भवती महिलाओं की जांच संबंधी प्रविष्टियां दर्ज करवाकर रिकॉर्ड को अद्यतन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला की समय पर जांच, ऑनलाइन पंजीयन तथा नियमित फॉलोअप सुनिश्चित किया जाना अत्यंत आवश्यक है, जिससे उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की समय रहते पहचान कर उचित उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध दवाओं, जांच सुविधाओं तथा मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि उपचार के लिए आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा किसी भी परिस्थिति में मरीजों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थाओं का मूल उद्देश्य आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सहज स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. भरसट ने पिटोल में नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का भी अवलोकन किया। उन्होंने भवन में उपलब्ध अधोसंरचनात्मक सुविधाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र पूर्ण कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का संचालन प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रारंभ होने से पिटोल एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी तथा गंभीर मरीजों को उपचार के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाने की आवश्यकता कम होगी । निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग का अमला उपस्थित रहा।
देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज
प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा मंच है यहाँ विभिन्न टीवी चैनेलो और समाचार पत्रों में कार्यरत पत्रकार अपनी प्रमुख खबरे प्रकाशन हेतु प्रेषित करते है।