शहर के कॉलेज मार्ग स्थित प्राचीन श्री जगदीश मंदिर पर श्री जगन्नाथ रथ यात्रा समिति की महत्वपूर्ण बैठक 21 जून, रविवार रात 8.30 बजे से आयोजित हुई। जिसमें आगामी 16 जुलाई, गुरुवार को श्री जगन्नाथ रथ यात्रा समिति द्वारा निकाली जाने वाली भव्य रथ यात्रा के संबंध में चर्चा की गई। समिति द्वारा इस वर्ष 20वीं भव्य रथ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। जिसके संबंध में समिति सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव व्यक्त किए। साथ ही बैठक में रथ यात्रा की आमंत्रण पत्रिकाओं का भी गरिमामय रूप से विमोचन किया गया। जानकारी देते हुए प्राचीन श्री जगदीश मंदिर के पूजारी जगदीश पंडा ने बताया कि शहर में रथ यात्रा की शुरुआत श्री जगन्नाथ प्रभु के परम भक्त संतोषसिंह सोलंकी द्वारा आज से 19 वर्ष पूर्व की गई थी। तब से लेकर आज तक श्री जगन्नाथ यात्रा समिति द्वारा निरंतर रथ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। भव्य रथ यात्रा का इस वर्ष यह 20वा आयोजन है। रथ यात्रा का स्वरूप प्रतिवर्ष लगातार भव्य और व्यापक होता जा रहा है। यह रथ यात्रा प्रतिवर्ष बैंड-बाजों और ढोल-ताशों के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकाली जाती है। जिसमें विशेष रूप से रथ पर भगवान श्री जगन्नाथजी के साथ भाई बलभद्र और बहन सुभद्राजी की प्रतिमा विराजमान कर शहर भ्रमण करवाया जाता है। इस वर्ष आगामी 16 जुलाई, गुरुवार को भव्य रथ यात्रा आयोजन को लेकर आयोजन समिति द्वारा तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई है। बैठक का संचालन करते हुए समिति के वरिष्ठ सदस्य अश्विन शर्मा ने बताया कि 16 जुलाई, गुरुवार शाम 4 बजे से कॉलेज मार्ग स्थित प्राचीन श्री जगदीश मंदिर से श्री जगन्नाथ रथ यात्रा आरंभ होगी, जो शहर भ्रमण करते हुए रात्रि करीब 8 बजे पुनः मंदिर पहुंचेगी। मंदिर में श्री जगन्नाथ प्रभु की रात 8 बजे महाआरती की जाएगी। बाद 8.30 बजे से महाप्रसादी का आयोजन होगा। बैठक में समिति से जुड़े आशीष चतुर्वेदी ने बताया कि 16 जुलाई, गुरुवार को यात्रा से एक दिन पूर्व शहर में पैदल निवेदन यात्रा भी निकल जाएगी। जिसके माध्यम से रथ यात्रा के पत्रक वितरण कर शहर के भक्तजनों से अधिकाधिक संख्या में यात्रा में शामिल होने हेतु अपील की जाएगी। समिति के युवा सदस्य विनय वर्मा ने रथ यात्रा में शहर के भक्तजनों के साथ सकल हिंदू समाज और सभी सामाजिक-धार्मिक संस्थाओं से आधिकारिक संख्या में सहभागिता हेतु आव्हान किया। भव्य प्रचार-प्रसार किया जाएगा – रथ यात्रा में विशेष सहयोग मौर्या इवेंट द्वारा प्रदान किया जा रहा है। बैठक में तय किया गया कि उक्त रथ यात्रा का संपूर्ण शहर में भव्य प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। जिसके अंतर्गत शहर में होर्डिंग्स-बैनर आदि लगाए जाने के साथ सोशल मीडिया और मीडिया के माध्यम के अतिरिक्त शहर में अलाउंस कर भी रथ यात्रा की जानकारी दी जाएगी। श्री जगन्नाथ रथ यात्रा समिति ने शहर की धर्मप्रेमी जनता से आगामी 16 जुलाई को श्री जगन्नाथ रथ यात्रा और महाआरती, महाप्रसादी में आधिकाधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल और भव्य बनाने की अपील की है। आमंत्रण पत्रिकाओं का किया गया विमोचन – बैठक बाद समिति के सभी सदस्यों ने मिलकर आयोजन की आमंत्रण पत्रिकाओं का गरिमामय रूप से विमोचन किया। यह पत्रिकाएं शहर के सभी समाज प्रमुखों, सामाजिक-धार्मिक संस्थाओं और प्रशासनिक-पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों को वितरित कर उन्हें आयोजन में पधारने का भावभरा आग्रह किया जाएगा। इस दौरान सभी ने उत्साहपूर्वक जय जगन्नाथ के सामूहिक जयघोष भी लगाएं। बैठक के अंत में आभार समिति के वीरेंद्रसिंह चौहान ने माना। इस अवसर पर समिति के सदस्यगणों के अलावा शहर के भक्तजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे ।
देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज
प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा मंच है यहाँ विभिन्न टीवी चैनेलो और समाचार पत्रों में कार्यरत पत्रकार अपनी प्रमुख खबरे प्रकाशन हेतु प्रेषित करते है।