न्यायपीठ बाल कल्याण समिति, झाबुआ में शनिवार को अध्यक्ष श्रीमती प्रीति चौहान की अध्यक्षता एवं समिति सदस्य श्री चंचल भंडारी के मार्गदर्शन में चालक-परिचालक संघ के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जिले में 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों,दिव्यांगजनों एवं महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, संवेदनशील एवं उत्तरदायी बनाना था। बैठक में इस बात पर विशेष चर्चा की गई कि यदि कोई बच्चा, महिला अथवा दिव्यांग व्यक्ति अकेले यात्रा कर रहा हो, विशेषकर रात्रिकालीन समय में, तो उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन संचालकों द्वारा किस प्रकार सहयोग किया जा सकता है। यह भी सुझाव दिया गया कि आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों को सुरक्षित स्थान अथवा उनके गंतव्य तक पहुँचाने में मानवीय सहयोग प्रदान किया जाए। सभी बसों, ऑटो, जीप एवं अन्य सार्वजनिक परिवहन वाहनों में चाइल्ड हेल्पलाइन नम्बर 1098, महिला सहायता हेल्पलाइन 181, पुलिस 112 तथा न्यायपीठ बाल कल्याण समिति के संपर्क नंबर 9926132032, 9993303033 आदि आपातकालीन नम्बर प्रमुखता से प्रदर्शित करने, समिति संबंधी जागरूकता हेतु बैनर एवं पंपलेट सहज दृश्य स्थानों पर लगाने तथा बच्चों, दिव्यांगजनों एवं महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों का अनिवार्य रूप से पालन कराने पर सहमति व्यक्त की गई। साथ ही सभी वाहन संचालकों से अपने वाहनों के आवश्यक दस्तावेज पूर्ण एवं अद्यतन रखने का आग्रह भी किया गया। बैठक के दौरान चालक-परिचालक संघ के अध्यक्ष हाजी लाला पठान तथा बंटी ब्रजवासी ने बस स्टैंड की विभिन्न समस्याओं से समिति को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि बस स्टैंड पर पुलिस सहायता केंद्र का अभाव है, पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे एवं प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध नहीं है तथा यात्रियों के बैठने हेतु पर्याप्त कुर्सियों की भी कमी है। महिलाओं के लिए निर्मित फीडिंग रूम का अभी तक संचालन प्रारंभ नहीं हुआ है तथा प्रतीक्षालय में महिला शौचालय की समुचित व्यवस्था भी नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ परिवार बस स्टैंड के प्रतीक्षालय में निवास करते हैं तथा असामाजिक एवं नशेड़ी तत्वों द्वारा शराब के सेवन के कारण यात्रियों, विशेषकर बच्चों, दिव्यांगजन एवं महिलाओं को असुरक्षा का वातावरण महसूस होता है। इन सभी विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श करते हुए संबंधित विभागों के समक्ष आवश्यक सुझाव एवं समस्याओं को प्रभावी रूप से रखने का समिति द्वारा निर्णय लिया गया, ताकि बस स्टैंड एवं सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बच्चों, दिव्यांगजनों एवं महिलाओं के लिए अधिक सुरक्षित एवं अनुकूल बनाया जा सके। साथ ही आम नागरिकों से भी झाबुआ समिति द्वारा अपील की गई है की वे भी बच्चो, दिव्यांगजनों एवं महिलाओं की सुरक्षा में अपनी जिम्मेदारियों को समझकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे। बैठक में समिति सदस्य श्री सुरेंद्र सिंह भूरिया सहित चालक-परिचालक संघ के पदाधिकारीगण श्री बंटी सोलंकी, श्री मुजीब रहमान शेख, श्री संजय प्रजापति एवं श्री विजय डामोर उपस्थित रहे।
देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज
प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा मंच है यहाँ विभिन्न टीवी चैनेलो और समाचार पत्रों में कार्यरत पत्रकार अपनी प्रमुख खबरे प्रकाशन हेतु प्रेषित करते है।