एमजेएफ अनिल धारीवाल के मुख्य आतिथ्य में हुआ आयोजन, वरिष्ठ नागरिकों को शॉल-श्रीफल एवं स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
थांदला (वत्सल आचार्य की रिपोर्ट)
थांदला। लायंस क्लब थांदला द्वारा सेवा सप्ताह के अंतर्गत स्थानीय जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित के सभागार में नगर के 19 समाजसेवियों एवं वरिष्ठजनों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। लायंस क्लब जावरा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं एमजेएफ अनिल धारीवाल के मुख्य आतिथ्य तथा सीसीबी बैंक की वरिष्ठ अधिकारी इंदिरा पटेल एवं अर्जुनसिंह नायक की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में वरिष्ठजनों के समाज के प्रति योगदान को सम्मानपूर्वक याद किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। अतिथियों का स्वागत-सम्मान के पश्चात लायन चिराग घोड़ावत ने ध्वज वंदना की। लायंस क्लब थांदला के अध्यक्ष डॉ. ओमप्रकाश बजाज ने अध्यक्षीय उद्बोधन में क्लब की गतिविधियों की जानकारी देते हुए सेवा सप्ताह के दौरान आयोजित कार्यक्रमों का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजन समाज की अनमोल धरोहर हैं। उनका समृद्ध जीवन, अनुभव, ज्ञान, कर्तव्यनिष्ठा और धैर्य नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं। लायंस क्लब थांदला की परंपरा रही है कि वह वरिष्ठजनों, गुरुजनों एवं समाजसेवियों का सम्मान कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करता है।
वरिष्ठजनों का सम्मान हमारी दिनचर्या का हिस्सा बने — अनिल धारीवाल
मुख्य अतिथि एमजेएफ अनिल धारीवाल ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक परिवार, समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन के संघर्ष और अनुभव नई पीढ़ी को सही दिशा प्रदान करते हैं। वरिष्ठजनों का सम्मान केवल किसी आयोजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे हमारी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। सीसीबी बैंक की वरिष्ठ अधिकारी इंदिरा पटेल ने लायंस क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बैंक के वरिष्ठ अमानतदारों को सम्मानित करना गौरव की बात है। उन्होंने बैंक की वरिष्ठ खाताधारकों के प्रति सम्मान की भावना और सुविधाओं की जानकारी भी दी।
95 वर्षीय रंगजी आचार्य का घर पहुंचकर किया सम्मान
समारोह में नगर के विशिष्ट समाजसेवी 95 वर्षीय श्री रंगजी आचार्य का स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के कारण अतिथियों एवं क्लब सदस्यों ने उनके निवास पर पहुंचकर सम्मान किया और उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। अन्य वरिष्ठजनों को शॉल-श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। नगर के ब्लड डोनर ग्रुप के प्रमुख एवं लायंस क्लब के पूर्व अध्यक्ष लायन प्रशांत उपाध्याय (मोंटू बाबा) ने मीनाक्षी महेंद्र उपाध्याय सेवा समिति की ओर से वरिष्ठजनों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम में नगीनजी शाहजी, क्रांतिकुमारजी वैद्य, हंसमुखलालजी सोनी, ओमप्रकाशजी भट्ट एवं जगमोहन सिंहजी राठौर ने भी अपने विचार व्यक्त किए। लायंस क्लब के वरिष्ठ पदाधिकारी प्रकाशचंद्रजी घोड़ावत, उमेश पींचाजी एवं महेंद्र सोनीजी सहित दिवंगत डॉ. महेंद्रजी उपाध्याय की 45 वर्षों की सेवाभावना के संदर्भ में लायंस क्लब इंटरनेशनल की ओर से पिन देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में क्लब के सचिव दिनकर वाजपेई, कोषाध्यक्ष सावन गर्ग सहित पूर्व पदाधिकारीगण एवं समस्त सदस्य उपस्थित रहे। संचालन पूर्व अध्यक्ष लायन चिराग घोड़ावत एवं सेवा सप्ताह संयोजक सुधीर शर्मा ने किया।
देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज
प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा मंच है। यहां विभिन्न समाचार पत्रों/टीवी चैनलों में कार्यरत पत्रकार अपनी महत्वपूर्ण खबरें प्रकाशन हेतु प्रेषित करते हैं ।