Connect with us

झाबुआ

आस्था और परंपरा का अद्भुत संगम: श्री गोवर्धननाथ जी की हवेली में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

Published

on

गोवर्धन पूजा के साथ हुई पांच परिक्रमाएं, ‘मानसी गंगा श्री हरदेव, गिरवर की परिक्रमा दे’ के जयघोष से गूंजा झाबुआ

151 वर्ष पुरानी परंपरा का हुआ निर्वहन, गाय गोहरी में मन्नतधारी ग्वालों के ऊपर से गुजरीं सजी-धजी गायें,हजारों श्रद्धालु बने साक्षी

झाबुआ —– आदिवासी अंचल की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक गोवर्धन पूजा एवं गाय गोहरी पर्व सोमवार को झाबुआ में पूरे श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। नगर स्थित 151 वर्ष पुराने श्री गोवर्धननाथ जी की हवेली में गोवर्धन पूजा से लेकर गोवर्धन परिक्रमा और गाय गोहरी की प्राचीन परंपरा तक आस्था का अनुपम संगम देखने को मिला। हजारों की संख्या में वैष्णवजन, महिला श्रद्धालु, युवा, ग्रामीण एवं धर्मप्रेमी नागरिक इस धार्मिक आयोजन में शामिल हुए। पूरा हवेली परिसर गिरिराजजी के जयकारों और भजन-कीर्तन से भक्तिमय हो उठा।
पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुसार गोवर्धन पर्वत को साक्षात भगवान श्रीकृष्ण का स्वरूप अर्थात गिरिराजजी माना जाता है। महाप्रभु श्री वल्लभाचार्य द्वारा प्रवर्तित पुष्टिमार्ग में ठाकुरजी की प्रेमपूर्वक सेवा, समर्पण एवं अनन्य भक्ति को विशेष महत्व दिया गया है। इसी भाव के साथ श्री गोवर्धननाथ जी की हवेली में श्रद्धालुओं ने गिरिराजजी की परिक्रमा कर अपनी अटूट आस्था प्रकट की।
सुबह विधि-विधान से हुआ गोवर्धन पूजन
धार्मिक आयोजन का शुभारंभ सुबह से ही हो गया था। ठाकुरजी के सम्मुख लगभग चार फीट ऊंचे गोवर्धन पर्वत का स्वरूप तैयार कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा ब्रजवासियों की रक्षा के लिए अपनी कनिष्ठ अंगुली पर गोवर्धन पर्वत धारण करने की दिव्य लीला का स्मरण किया गया। पूजन के पश्चात गाय को ग्वाला लेकर आए तथा पुजारियों और ग्वालों द्वारा गाय से गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा करवाई गई। इसके बाद गाय को पर्वत पर चढ़ाया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं को हल्दी के छापे लगाकर पर्व की धार्मिक परंपरा निभाई गई।
पांच परिक्रमाओं में शामिल हुए हजारों श्रद्धालु
शाम करीब 4 बजे श्री गोवर्धननाथ जी की हवेली से गोवर्धन परिक्रमा का क्रम प्रारंभ हुआ। परिक्रमा में बड़ी संख्या में वैष्णवजन, महिला श्रद्धालु, युवा एवं ग्रामीणजन शामिल हुए। श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव के साथ परिक्रमा करते हुए ‘मानसी गंगा श्री हरदेव, गिरवर की परिक्रमा दे’ का निरंतर जाप करते रहे। मंदिर की पांच परिक्रमाएं की गईं। इस दौरान गिरिराज धरण की जय-जयकार और भजन-कीर्तन से संपूर्ण वातावरण कृष्णमय हो गया।
गाय गोहरी: मन्नतधारियों के ऊपर से गुजरीं सजी-धजी गायें
गोवर्धन पूजा के साथ ही झाबुआ अंचल की विशिष्ट एवं सदियों पुरानी गाय गोहरी परंपरा का भी निर्वहन किया गया। इस परंपरा के तहत मन्नतधारी ग्वाले परिक्रमा पथ पर जमीन पर लेट गए और सजी-धजी गायें उनके ऊपर से गुजरीं। गायों को आकर्षक ढंग से सजाकर आयोजन में लाया गया था। जैसे ही परिक्रमा करती गायें हवेली के सामने पहुंचीं, मन्नतधारी श्रद्धालु जमीन पर लेट गए और गायें उनके ऊपर से होकर निकलीं। यह दृश्य देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
मान्यता है कि वर्षभर गायों के पालन-पोषण के दौरान अनजाने में उनसे हुई सख्ती अथवा भूल के प्रति क्षमाभाव प्रकट करने और गोधन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से ग्वाले इस परंपरा का निर्वहन करते हैं। दीपावली के पड़वे पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह पर्व क्षेत्र की लोक आस्था और पशुधन के प्रति सम्मान का अनूठा उदाहरण है।
पुष्टिमार्गीय भक्ति और लोक परंपरा का अनूठा संगम
झाबुआ की श्री गोवर्धननाथ जी की हवेली में आयोजित इस पर्व ने धार्मिक आस्था के साथ क्षेत्र की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को भी जीवंत कर दिया। एक ओर पुष्टिमार्गीय रीति-रिवाजों के अनुरूप गिरिराजजी की परिक्रमा और ठाकुरजी के प्रति सेवा-समर्पण का भाव दिखाई दिया, वहीं दूसरी ओर गाय गोहरी जैसी लोक परंपरा ने गोधन के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता का संदेश दिया।
आधुनिकता के दौर में भी 151 वर्ष पुरानी हवेली से जुड़ी धार्मिक परंपराओं का इसी श्रद्धा और उत्साह के साथ निर्वहन होना झाबुआ की सांस्कृतिक पहचान और सनातन आस्था की गहरी जड़ों को दर्शाता है। हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।

देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज

प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा मंच है। यहां विभिन्न समाचार पत्रों/टीवी चैनलों में कार्यरत पत्रकार अपनी महत्वपूर्ण खबरें प्रकाशन हेतु प्रेषित करते हैं ।

Advertisement

Subscribe Youtube

Advertisement

सेंसेक्स

Trending

कॉपीराइट © 2025. प्रादेशिक जन समाचार

error: Content is protected !!