झाबुआ – जिले के कल्याणपूरा में तेरापंथ सभा भवन के निर्माण के साथ ही जैन संस्कार विधि से लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन रविवार को किया गया । जिसमें मुख्य अतिथि के अलावा विभिन्न चौखले से श्रावक श्राविकाएं उपस्थित थे । साथ ही मुनि कोमल कुमार व मुनि सिद्धार्थ कुमार जी की पावन निश्रा में धर्म सभा का आयोजन भी किया गया ।
कल्याणपूरा में नवीन तेरापंथ सभा भवन निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद रविवार को सुबह करीब 9 बजे जैन संस्कार विधि से लोकार्पण किया गया । कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर फूलचंद छत्रावत उपाध्यक्ष तेरापंथ महासभा ) , हीरालाल मालू ( संयोजक भवन निर्माण तेरापंथ महासभा ), निलेश रांका ( आंचलिक प्रभारी इंदौर ), जसराज मालू ( नेशनल बोर्ड गवर्नर महासभा ), विमल सेठिया ( भूमि दानदाता ) ,राजेन्द्र सेठिया (रायपुर )उपस्थित थे । साथ ही मुख्य वक्ता के रूप में विकास पितलिया अहमदाबाद से भी उपस्थित थे । सर्वप्रथम तेरापंथ महिला मंडल कल्याणपूरा द्वारा स्वागत गीत का संगान किया। तत्पश्चात ज्ञानशाला की बालिका पिहु मेहता ने भी सुंदर गीतिका की प्रस्तुति दी । तेरापंथ सभा अध्यक्ष महेश सेठिया ने सभी आगंतुकों का स्वागत शब्दों के माध्यम से किया । साथ ही सभी मुख्य अतिथियों का स्वागत व अभिनंदन पगड़ी व माला पहनाकर व शाल ओढ़ाकर किया। स्थानक संघ से प्रवीण सुराणा ने अपने वक्तव्य में कहा कल्याण पूरा का जैन समाज एक ऐसा गुलदस्ता है जहां सभी फूल एक साथ खिलते हैं याने संपूर्ण जैन समाज एकता के सूत्र में बंधा हुआ है तथा सेठिया परिवार द्वारा जो सहयोग इस तेरापंथ भवन के लिए दिया है वह अपनी मातृभूमि के प्रति उनका लगाव व समर्पण है । मूर्तिपूजक संघ से दिनेश कोठारी ने कहा कि कल्याण पूरा में तेरापंथ के नव घर , मंदिर के दस व स्थानक संघ के अठाईस घर है लेकिन संपूर्ण जैन समाज में आपसी सहयोग व मैत्री भाव है । वही तेरापंथ महिला मंडल से मंजू पिपाडा ने बताया कि नवीन भवन के पूर्व में , बरसात के दिनों में सभा भवन में सामयिक करने पर पानी टपकता था और इस कारण धर्म आराधना में समस्या आती थी लेकिन अब नवीन भवन निर्माण पर धर्म आराधना में कठिनाई नहीं होगी । वही रितु पिपाडा ने कहा कि सभा भवन का सही उपयोग तभी होगा, जब हम धर्म आराधना कर कर्मो की निर्जरा करेंगे । श्रीमती सेठिया ने भी गीत और शब्दों के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त की । वही प्रदीप पिपाडा ने कहा कि इस भवन निर्माण के मार्गदर्शन देने वाले श्री दूधेडीया जी है जिनका पिछले दिनों देहांत हो गया है और अपने अनुभव साझा करते हुए पीपाड़ा की आंखों में आसूं आ गये ।
अहमदाबाद से पधारे मुख्य वक्ता विकास पितलिया ने कहा कि भवन निर्माण कार्य में ईंट सरीया व सीमेंट से भी ज्यादा ज़रूरी होती है भावनाएं और समर्पण । पैसा और संपत्ति होना बड़ी बात नहीं है वरन् राष्ट्र और समाज के लिए विसर्जन करना बड़ी बात है विकास पितलिया ने कहा कि भवन जब बनता है तब कल्पना बनती है और उसे साकार करते हैं । वही यदि किसी चीज को दिल से चाहा जाए ,तो पूरी कायनात उसका साथ देती है और उनकी पीड़ा दूर करती है और इसी तरह भिक्षु स्वामी ने भी कल्यापूरावासियो की पीड़ा को समझते हुए, महासभा के माध्यम से इनका पीड़ा दूर की । वही महासभा उपाध्यक्ष फूलचंद छत्रावत ने कहा कि हमारे बीच हीरालाल जी मालू ने अब 75 सभा भवन और हास्पीटल का लोकार्पण कर चुके हैं जो समाज और जनहित के उपयोग के लिए है आज कल्याणपूरा में 76 वा लोकार्पण है । वही हीरालाल मालू ने कहा कि रायपुर के विमल कुमार सेठिया ने तेरापंथ भवन कल्याणपुरा के लिए जो भूमि दान में दी है जो अपने में अद्भुत है तथा इनका प्रेम और लगाव , मातृभूमि के प्रति समर्पण को दर्शाता है । आंचलिक प्रभारी निलेश रांका ने कहा कि कल्याणपुरा का यह छोटा समाज में तेरापंथ भवन, सोने की अंगूठी में हीरे के समान है याने आसपास के सभी चौखले का सबसे सुंदर भवन यहां का कहा जा सकता है । वही श्री रांका ने इस भवन निर्माण कार्य में तेरापंथ सभा के दो सदस्यों महेश सेठिया और प्रदीप पिपाडा की जोड़ी को को फिल्मी शब्दों में जय वीरू की जोड़ी से परिभाषित किया । जसराज मालू ने भी महासभा द्वारा संचालित इस तेरापंथ भवन निर्माण योजना को अद्भुत व अलौकिक बताया और कहा कि छोटे छोटे क्षेत्रों में इस योजना अंतर्गत भवन निर्माण से समाजजन में हर्ष व्याप्त है । और उपस्थित श्रावक श्राविकाओ ने इसकी सराहना भी की । मूलरूप से कल्याणपूरा के रहवासी विमल कुमार सेठिया रायपुर जो कि भूमि दानदाता है ने भी महासभा सदस्यों को भवन निर्माण कार्य में सहयोग देने के लिए कृतज्ञता व्यक्त की ।
मुनि कोमल कुमार जी ने जय महावीर भगवान की गीतिका का संगान किया , पश्चात धर्मसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मन के अन्दर अपना दीपक अपनी आत्मा को उज्ज्वलित कर सकता है भक्त से भगवान भी बना सकता है वहीं दीपक अंधकार में प्रकाश भी देता है व दीपक रखने के लिए स्थान का भी बड़ा महत्व है । वही धर्म आराधना के लिए भी स्थान का महत्व है जहां व्यक्ति अपनी आत्म साधना कर सकता है यह भी कहा संपूर्ण तेरापंथ समाज एक गुरु और उनकी मर्यादा में चलने वाले अनुशासित संघ है । इसके अलावा अन्य कई श्रावक श्राविकाओ ने भी अपनी भावनाएं व्यक्त की । कार्यक्रम में दिल्ली, नवसारी ,अहमदाबाद , इंदौर , सूरत आदि के अलावा झाबुआ, कालीदेवी , बोरी , रायपुरिया , पेटलावद, झकनावदा, करवड आदि अनेक चौखलो से श्रावक श्राविकाएं उपस्थित थे । इस कार्यक्रम का सफल संचालन मुनि सिद्धार्थ कुमार जी ने किया अंत में सभी का आभार प्रदीप पिपाडा ने किया ।
शनिवार को भजन संध्या का आयोजन हुआ
कल्याणपूरा में रविवार को लोकार्पण कार्यक्रम के एक दिन पूर्व याने शनिवार को धार्मिक भजन संध्या का आयोजन किया गया । इस हेतु विशेष रूप से राजस्थान के ग्राम लाडनूं की बेटी व मुंबई निवासी स्वर कोकिला श्रीमती मीनाक्षी भूतोडिया उपस्थित रहीं । शनिवार रात्रि करीब 8 बजे भजन संध्या प्रारंभ हुई । श्रीमती भूतोडिया द्वारा नमस्कार महामंत्र के संगान के साथ भजन प्रारंभ किया। इसके बाद तेरापंथ के संस्थापक आचार्य श्री भिक्षु पर विभिन्न धार्मिक गीतों का संगान कर , पूरा माहौल धर्ममय बना दिया । गायिका मीनाक्षी की गायन शैली की उपस्थिति जनों ने भूरी भूरी प्रशंसा भी की । वही तेरापंथ समाज द्वारा श्रीमती मीनाक्षी भूतोडिया को बैच लगाकर , प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया । भजन संध्या में आसपास के सभी चौखलो से श्रावक श्राविकाएं उपस्थित थे ।
देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज
प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा मंच है यहाँ विभिन्न टीवी चैनेलो और समाचार पत्रों में कार्यरत पत्रकार अपनी प्रमुख खबरे प्रकाशन हेतु प्रेषित करते है।