स्वास्थ्य, खुशियों और पीढ़ियों के खूबसूरत रिश्तों को समर्पित रहा आयोजन; दादा-दादी एवं नाना-नानी ने बच्चों के साथ लिया विभिन्न गतिविधियों का आनंद
झाबुआ —- अंकुरम इंटरनेशनल स्कूल, झाबुआ में दिनांक ०८/१०/१०२६ को प्री -प्राइमरी द्वारा ‘आरोग्य मेला – ग्रैंडपेरेंट्स डे समारोह’ का आयोजन उत्साह, उमंग और आत्मीयता के साथ किया गया। कार्यक्रम की थीम “स्वस्थ परिवार, खुशहाल रिश्ते और अनमोल यादें” रही। आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों और उनके दादा-दादी एवं नाना-नानी के बीच भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करना तथा वरिष्ठजनों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक डॉ. लोकेश दवे एवं डॉ. चारुलता दवे, प्राचार्य डॉ. रितेश लिमये, विशेष चिकित्सक, शिक्षकगण, नन्हे विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में दादा-दादी एवं नाना-नानी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों एवं ग्रैंडपेरेंट्स का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों और उनके ग्रैंडपेरेंट्स ने विभिन्न रोचक एवं मनोरंजक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। फूड रेनबो, हेल्दी फूड सॉर्टिंग, ग्रैंडपेरेंट-चाइल्ड पज़ल मैच, स्पिन एंड स्पीक, व्हाट्स इन द बैग तथा गेस द सॉन्ग जैसी गतिविधियों ने समारोह को जीवंत बना दिया। खेलों के माध्यम से बच्चों को स्वस्थ खान-पान, पारिवारिक मूल्यों और आपसी सहयोग का महत्व समझाया गया।
समारोह का एक विशेष आकर्षण दादा-दादी एवं नाना-नानी के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर रहा। इसमें वरिष्ठजनों को बुनियादी स्वास्थ्य जाँच एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा प्रदान की गई। कार्यक्रम में विद्यालय के निर्देशक डॉ लोकेश देव ने स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जाँच के महत्व पर उपयोगी जानकारी साझा की।
समारोह के दौरान दादा-दादी एवं नाना-नानी के अनुभवों, कहानियों और जीवन से जुड़ी सीख को विशेष महत्व दिया गया। बच्चों के साथ बिताए गए इन खुशनुमा पलों ने आयोजन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल मनोरंजन तक सीमित न रहकर बच्चों में बड़ों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और संस्कारों को विकसित करना भी रहा।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी ग्रैंडपेरेंट्स, अतिथियों एवं अभिभावकों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी को उपहार स्वरूप पौधा दिया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि स्वस्थ जीवन की वास्तविक खुशी अपनों के साथ समय बिताने, पीढ़ियों के बीच संवाद बनाए रखने और रिश्तों को स्नेह से सींचने में है।
अंत में सभी उपस्थितजनों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया। आरोग्य मेला ने विद्यालय परिसर को खुशियों, मुस्कुराहटों और खूबसूरत यादों से भर दिया।
अंकुरम इंटरनेशनल स्कूल, झाबुआ ने इस आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया कि दादा-दादी एवं नाना-नानी का प्यार बच्चों के बचपन को विशेष बनाता है और उनके अनुभव बच्चों के जीवन में संस्कारों एवं मूल्यों की मजबूत नींव रखते हैं।
देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज
प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा मंच है। यहां विभिन्न समाचार पत्रों/टीवी चैनलों में कार्यरत पत्रकार अपनी महत्वपूर्ण खबरें प्रकाशन हेतु प्रेषित करते हैं ।