हाईकोर्ट न्यायाधीश पद के लिए नाम निर्देशन पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती आशिता श्रीवास्तव का नागरिक अभिनंदन
थांदला (वत्सल आचार्य की रिपोर्ट) अभिभाषक संघ थांदला की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के तत्वावधान में बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय एवं संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने के उद्देश्य से पेटलावद रोड स्थित मोती महल रिसॉर्ट में स्नेह भोज एवं नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में झाबुआ जिले की न्यायपालिका के साथ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
समारोह की मुख्य अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती आशिता श्रीवास्तव रहीं। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश पद के लिए उनका नाम निर्देशन होने पर अभिभाषक संघ थांदला की ओर से सम्मान पत्र भेंट कर उनका नागरिक अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश फैमिली कोर्ट, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीशगण, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, सिविल जजगण सहित न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग से एसडीओ राजस्व, तहसीलदार, एसडीओपी, थाना प्रभारी तथा अभियोजन विभाग के अधिकारी शामिल हुए। झाबुआ एवं पेटलावद बार के पदाधिकारी और वरिष्ठ अधिवक्ताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को गरिमामय बना दिया।
अध्यक्ष ने संस्कृत सुभाषितों से किया संबोधन
अभिभाषक संघ थांदला के नवनिर्वाचित अध्यक्ष तुषार यशवंत भट्ट ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन की शुरुआत संस्कृत सुभाषितों एवं सूक्तियों से की। उन्होंने थांदला बार की सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने जाने की परंपरा का उल्लेख करते हुए बार के वरिष्ठ एवं दिवंगत विधिवेत्ताओं के योगदान को स्मरण किया।
उन्होंने अपने पूज्य पिता स्वर्गीय यशवंतजी भट्ट सहित स्वर्गीय बलदेवजी भट्ट, स्वर्गीय गादियाजी, स्वर्गीय कावड़ियाजी और स्वर्गीय यामिन शेख के विधिक क्षेत्र में योगदान को याद किया। साथ ही वरिष्ठ मार्गदर्शकों एवं पूर्व अध्यक्षों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अखिल भारतीय श्री राजेन्द्र जैन नवयुवक परिषद के नवनियुक्त मध्य प्रदेश अध्यक्ष एवं बार के सह-कोषाध्यक्ष रजत कावड़िया को भी बधाई दी गई।
नवोदित अधिवक्ताओं के लिए मासिक विधिक कार्यशाला का प्रस्ताव
अध्यक्ष तुषार यशवंत भट्ट ने नवागंतुक एवं युवा अधिवक्ताओं के व्यावहारिक विधिक ज्ञान को बढ़ाने के लिए प्रत्येक माह विधिक कार्यशाला आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि न्यायिक अकादमी से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले न्यायाधीशों तथा वरिष्ठ अधिवक्ताओं के अनुभवों का लाभ युवा अधिवक्ताओं को मिले, इसके लिए नियमित कार्यशाला उपयोगी साबित होगी।
उन्होंने सुझाव दिया कि कार्यशाला प्रत्येक माह की पहली तारीख अथवा शनिवार को आयोजित की जा सकती है। इसका उद्देश्य युवा अधिवक्ताओं को न्यायालयीन प्रक्रिया एवं व्यावहारिक विधिक पहलुओं की जानकारी उपलब्ध कराना होगा, ताकि आमजन को बेहतर एवं प्रभावी विधिक सेवा मिल सके।
इस प्रस्ताव पर मुख्य अतिथि श्रीमती आशिता श्रीवास्तव ने सैद्धांतिक सहमति व्यक्त करते हुए इसे उपयोगी पहल बताया।
संचालन और आभार
कार्यक्रम का संचालन अभिभाषक संघ के नवनिर्वाचित लाइब्रेरियन नंदकिशोर शर्मा एवं अधिवक्ता धवल अरोड़ा ने संयुक्त रूप से किया। अंत में संघ के सचिव निलेश जैन ने उपस्थित न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, अभियोजन अधिकारियों तथा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इसके पश्चात सभी अतिथियों ने स्नेह भोज में सहभागिता की। कार्यक्रम ने बार और बेंच के बीच आपसी संवाद, समन्वय एवं सौहार्द को और मजबूत करने का संदेश दिया।
देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज
प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा मंच है। यहां विभिन्न समाचार पत्रों/टीवी चैनलों में कार्यरत पत्रकार अपनी महत्वपूर्ण खबरें प्रकाशन हेतु प्रेषित करते हैं ।