Connect with us

झाबुआ

सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम में 3500 प्रतिभागियों ने बनाई भव्य मानव रंगोली

Published

on

झाबुआ । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम का आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य में पीजी कॉलेज ग्राउंड, झाबुआ में किया गया। कार्यक्रम में लगभग 3500 स्कूली छात्राओं एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की सहभागिता से ‘सशक्त मां-सशक्त भारत’ की थीम पर भव्य मानव रंगोली (ह्यूमन रंगोली) बनाई गई। मानव रंगोली के माध्यम से मां एवं बच्चे के भावनात्मक संबंध, मातृशक्ति के सशक्तिकरण तथा सशक्त परिवार से सशक्त राष्ट्र के निर्माण का संदेश दिया गया ।

सशक्त मां से ही सशक्त परिवार, समाज और राष्ट्र का निर्माण संभव – मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया
महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने मानव रंगोली के सफल आयोजन पर सभी प्रतिभागियों, आयोजकों एवं जिला प्रशासन को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश में मानव रंगोली के आयोजन के लिए चयनित 6 जिलों में झाबुआ का शामिल होना गौरव का विषय है। हमारे जनजातीय बहुल जिले झाबुआ ने इस आयोजन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी सामूहिक सहभागिता, रचनात्मकता एवं संगठन क्षमता का परिचय दिया है।

मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि ‘सशक्त मां-सशक्त भारत’ की थीम पर मां एवं बच्चे के स्वरूप को मानव रंगोली के माध्यम से अत्यंत सुंदर एवं प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया है। मां परिवार की आधारशिला होती है और एक सशक्त, शिक्षित एवं जागरूक मां ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के साथ सशक्त समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं का सशक्तिकरण शासन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं आत्मनिर्भरता के माध्यम से मातृशक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में स्कूली छात्राओं एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा अनुशासन, समन्वय एवं उत्साह के साथ मानव रंगोली का निर्माण करना सराहनीय है। यह आयोजन केवल एक कलात्मक प्रस्तुति नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण, एकता एवं जनभागीदारी का सशक्त उदाहरण है।

सामूहिक सहभागिता एवं बेहतर समन्वय से सफल हुआ आयोजन – कलेक्टर डॉ. भरसट
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने मानव रंगोली के सफल आयोजन पर सभी स्कूली छात्राओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम जिले में सामूहिक सहभागिता एवं बेहतर समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है। लगभग 3500 प्रतिभागियों द्वारा एक साथ मानव रंगोली का निर्माण करना अनुशासन, टीमवर्क एवं सामूहिक प्रयासों की सफलता को दर्शाता है।

कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि ‘सशक्त मां-सशक्त भारत’ की थीम समाज में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करती है। जिले की बालिकाओं एवं महिलाओं ने अपनी सक्रिय सहभागिता से यह संदेश दिया है कि जनभागीदारी से बड़े से बड़े आयोजन को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने आयोजन की तैयारियों, व्यवस्थाओं एवं मानव रंगोली के आकर्षक चित्रांकन की सराहना करते हुए सभी संबंधित विभागों के प्रयासों की प्रशंसा की।

पीटीआई  अमजद खान ने तैयार की मानव रंगोली की डिजाइन
‘सशक्त मां-सशक्त भारत’ की थीम पर आधारित मानव रंगोली की डिजाइन सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती सुप्रिया बिसेन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग सुश्री मोनिका बघेल के मार्गदर्शन में पीटीआई अमजद खान द्वारा तैयार की गई। उनके द्वारा मानव रंगोली के निर्माण का समन्वय एवं क्रियान्वयन भी किया गया। स्कूली छात्राओं एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने निर्धारित डिजाइन के अनुरूप सामूहिक रूप से मां एवं बच्चे की आकृति को साकार किया।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम ने मातृशक्ति के सम्मान, महिला सशक्तिकरण, सामूहिक एकता एवं जनभागीदारी का प्रभावी संदेश दिया। इस दौरान जिलाध्यक्ष भानु भूरिया, अन्य जनप्रतिनिधि, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ महेश मंडलोई एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज

प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा मंच है यहाँ विभिन्न टीवी चैनेलो और समाचार पत्रों में कार्यरत पत्रकार अपनी प्रमुख खबरे प्रकाशन हेतु प्रेषित करते है।

Advertisement

Subscribe Youtube

Advertisement

सेंसेक्स

Trending

कॉपीराइट © 2025. प्रादेशिक जन समाचार

error: Content is protected !!