ग्रामवार एवं पटवारीवार रजिस्ट्रियों की समीक्षा, लंबित प्रकरणों के निराकरण और त्रुटियों में सुधार के लिए समय-सीमा तय
थांदला (वत्सल आचार्य की रिपोर्ट) शासन की महत्वाकांक्षी स्वामित्व योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एसडीएम थांदला भास्कर गाचले द्वारा आज तहसील कार्यालय के सभाकक्ष में समस्त पटवारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वामित्व योजना के अंतर्गत की जाने वाली रजिस्ट्रियों की ग्रामवार एवं पटवारीवार विस्तृत समीक्षा करते हुए प्रतिदिन संपादित किए जा रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की गई।
एसडीएम भास्कर गाचले ने निर्देश दिए कि स्वामित्व योजना के अंतर्गत शेष रजिस्ट्रियों का कार्य प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन प्रकरणों में किसी प्रकार का विवाद अथवा तकनीकी समस्या नहीं है और जिनकी रजिस्ट्री सामान्य रूप से की जा सकती है, उनमें तेजी लाते हुए अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों की रजिस्ट्रियां सुनिश्चित की जाएं।
पूर्व में हो चुकी रजिस्ट्रियों की जानकारी आज ही स्पष्ट करने के निर्देश
समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि कुछ ग्रामों में पूर्व में ही रजिस्ट्रियां कराई जा चुकी हैं। इस पर एसडीएम ने तहसीलदार को निर्देशित किया कि ऐसी रजिस्ट्रियों की ग्रामवार संख्या का आकलन कर आज शाम तक स्थिति स्पष्ट की जाए, ताकि वास्तविक रूप से शेष रजिस्ट्रियों की संख्या निर्धारित कर आगामी कार्ययोजना बनाई जा सके।
इसके साथ ही जिन प्रकरणों में ई-केवाईसी अथवा रजिस्ट्री की प्रक्रिया के दौरान नाम में भिन्नता, पिता के नाम का उल्लेख नहीं होने या अन्य अभिलेखीय त्रुटियों के कारण समस्या आ रही है, उन सभी प्रकरणों को चिह्नित कर आवश्यक सुधार संबंधी प्रस्ताव तैयार करने तथा आज शाम तक जिला कार्यालय को प्रेषित करने के निर्देश दिए गए।
राजस्व के अन्य कार्यों की भी हुई विस्तृत समीक्षा
बैठक में स्वामित्व योजना के साथ-साथ राजस्व विभाग के अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। एसडीएम ने फार्मर रजिस्ट्री, राजस्व वसूली, आरबीसी-6(4) के प्रकरणों, राजस्व प्रकरणों में आवश्यक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने, फौती नामांतरण एवं अविवादित नामांतरण सहित अन्य लंबित कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त भू-अर्जन से संबंधित प्रकरणों में शेष खातेदारों के खाते प्रस्तुत करने तथा जिन भूमियों का मुआवजा वितरित किया जा चुका है, उन पर नियमानुसार मौके पर आधिपत्य प्राप्त करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने पर जोर
एसडीएम भास्कर गाचले ने सभी पटवारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें तथा शासन की योजनाओं और राजस्व संबंधी कार्यों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि कार्यों की नियमित प्रगति सुनिश्चित करने, तकनीकी एवं अभिलेखीय त्रुटियों का समय पर निराकरण करने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी-कर्मचारी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक का मुख्य उद्देश्य स्वामित्व योजना के कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर करना, लंबित रजिस्ट्रियों का शीघ्र निराकरण करना तथा राजस्व विभाग के विभिन्न कार्यों में गति लाकर आमजन को समय पर शासकीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा।
देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज
प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा मंच है। यहां विभिन्न समाचार पत्रों/टीवी चैनलों में कार्यरत पत्रकार अपनी महत्वपूर्ण खबरें प्रकाशन हेतु प्रेषित करते हैं ।