झाबुआ —— आदिवासी बाहुल्य झाबुआ जिले का गुजरात सीमा से सटा ग्राम पिटोल इन दिनों कथित अवैध शराब कारोबार को लेकर चर्चा में है। हाईवे किनारे खुलेआम अवैध शराब का विक्रय और गुजरात सीमा की ओर शराब के अवैध परिवहन की आशंकाओं के बीच पुलिस एवं आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं । स्थानीय स्तर पर सामने आ रही चर्चाओं के अनुसार, पिटोल क्षेत्र में सागर और प्रदीप द्वारा कथित तौर पर लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार संचालित किया जा रहा है। आरोप है कि दिन के उजाले से लेकर रात के अंधेरे तक शराब का विक्रय किया जाता है । पिटोल क्षेत्र में शराब की उपलब्धता इतनी आसानी से होने की बात कही जा रही है कि स्थानीय लोगों को भी इसके ठिकानों की जानकारी है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब क्षेत्र में कथित तौर पर खुलेआम शराब का विक्रय हो रहा है तो पुलिस और आबकारी विभाग को इसकी जानकारी क्यों नहीं मिल रही? क्या विभागीय अमले को इस कारोबार की भनक नहीं है या फिर जानकारी के बावजूद जानबूझकर कार्यवाही से दूरी बनाई जा रही है……?
अवैध शराब कारोबार को लेकर पुलिस और आबकारी जिम्मेदार
गुजरात में शराबबंदी होने के कारण सीमावर्ती पिटोल क्षेत्र की संवेदनशीलता और भी बढ़ जाती है। यहां से अवैध शराब परिवहन की आशंका को देखते हुए पुलिस एवं आबकारी विभाग की जिम्मेदारी और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। यह माना जा सकता है कि अवैध शराब को लेकर आबकारी विभाग को कारवाई करना चाहिए । लेकिन किसी भी अवैध कारोबार पर अंकुश लगाना पुलिस की भी जिम्मेदारी है । यदि आरोप सही हैं तो यह केवल अवैध शराब बिक्री का मामला नहीं, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्र में कानून व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय है। एक ओर शासन और प्रशासन नशामुक्ति अभियान चलाकर युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर यदि गांवों और हाईवे किनारे अवैध शराब आसानी से उपलब्ध हो रही है तो इन अभियानों की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है। विशेषकर युवा पीढ़ी पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
आर्थिक सांठगांठ की चर्चाएं, जांच की मांग
क्षेत्र में यह भी चर्चाएं हैं कि कथित अवैध कारोबार को लेकर पुलिस और आबकारी विभागों की निष्क्रियता के पीछे आर्थिक सांठगांठ हो सकती है। सागर और प्रदीप द्वारा इन दोनों विभागों से आर्थिक तालमेल बनाकर यह अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है ऐसी संभावना है या चर्चा है लेकिन इनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है । अब सवाल यह है कि हाइवे किनारे खुलेआम संचालित हो रहे अवैध कारोबार को लेकर जांच होगी…? क्या सागर और प्रदीप के विरुद्ध लगाए जा रहे आरोपों की लेकर भी जांच और कार्यवाही होना चाहिए ? और यदि अवैध शराब का कारोबार संचालित होना पाया जाता है तो जिम्मेदारों के साथ-साथ लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई होगी…..?
शासन प्रशासन नशामुक्ति की बात कर रहा है और सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के आरोप लग रहे हैं। ऐसे में विभागों की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। आखिर पिटोल में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश कब लगेगा….?
आने वाली खबरो में बतायेंगे कि सागर और प्रदीप द्वारा अवैध शराब के अलावा और कौन कौन से अवैध कार्य किए जा रहे हैं
देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज
प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा मंच है। यहां विभिन्न समाचार पत्रों/टीवी चैनलों में कार्यरत पत्रकार अपनी महत्वपूर्ण खबरें प्रकाशन हेतु प्रेषित करते हैं ।