Connect with us

झाबुआ

झाबुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नकली सोने का बिस्किट देकर 4.90 लाख की ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार, 3 लाख रुपये बरामद

Published

on


झाबुआ। नकली सोने का बिस्किट असली बताकर गुजरात के एक व्यक्ति से 4 लाख 90 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में झाबुआ पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से 3 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुराने मकान की खुदाई में सोना मिलने का दिया झांसा
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुजरात के अहमदाबाद जिले के धोलका निवासी जगदीश चन्द्र पिता दलपतराम पाठक की मुलाकात मजदूरी के दौरान मानसिंह भील से हुई थी। मानसिंह ने उन्हें बताया कि उसकी चाची को पुराने मकान की खुदाई के दौरान सोने के बिस्किट मिले हैं। इसके बाद मानसिंह ने फरियादी को सोने के कुछ टुकड़े दिए, जिन्हें ज्वेलर्स से जांच कराने पर असली सोना बताया गया।
इससे विश्वास में आकर फरियादी सोने का बिस्किट खरीदने के लिए तैयार हो गया। 18 सितंबर 2026 को फरियादी अपने परिजनों के साथ 4 लाख 90 हजार रुपये लेकर पिटोल पहुंचा। यहां मानसिंह, उसकी पत्नी और एक अन्य महिला ने असली सोने का बिस्किट बताकर उसे बिस्किट सौंप दिया और बदले में 4 लाख 90 हजार रुपये ले लिए।
जांच में तांबे का निकला सोने का बिस्किट
बाद में फरियादी ने बिस्किट की जांच कराई तो वह नकली और तांबे का बना हुआ निकला। इसके बाद फरियादी ने आरोपियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनके मोबाइल फोन बंद मिले। ठगी का अहसास होने पर फरियादी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने महिला आरोपी को किया गिरफ्तार
शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली झाबुआ में अपराध क्रमांक 940/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने चौकी प्रभारी पिटोल को आरोपियों की गिरफ्तारी और ठगी की राशि बरामद करने के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल महिला आरोपी रोशना पति नाजु डामोर (35 वर्ष), निवासी आमलीफलिया को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 3 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं। वहीं, मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आर.सी. भास्कर, उप निरीक्षक अशोक बघेल, एएसआई नरेंद्र परमार, प्रधान आरक्षक दिलीप डावर, आरक्षक कैलाश सोलंकी, चालक आरक्षक अनसिंह भूरिया एवं महिला आरक्षक नेहा मेड़ा का सराहनीय योगदान रहा।
झाबुआ पुलिस की इस कार्रवाई से ठगी के मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है तथा शेष राशि की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज

प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा मंच है यहाँ विभिन्न टीवी चैनेलो और समाचार पत्रों में कार्यरत पत्रकार अपनी प्रमुख खबरे प्रकाशन हेतु प्रेषित करते है।

Advertisement

Subscribe Youtube

Advertisement

सेंसेक्स

Trending

कॉपीराइट © 2025. प्रादेशिक जन समाचार

error: Content is protected !!