Connect with us

झाबुआ

सूखाग्रस्त होने के बावजूद झाबुआ जिले सहित थांदला में नहीं आने दी जाएगी पेयजल की कमी : कलेक्टर भरसट

Published

on

नगर परिषद थांदला के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से मुलाकात कर बैराज में घटते जलस्तर से कराया अवगत, आवश्यकता पड़ने पर नर्मदा अथवा शिवसागर से अतिरिक्त पानी उपलब्ध कराने का आश्वासन

थांदला (वत्सल आचार्य की रिपोर्ट) इस वर्ष अल्पवर्षा के चलते झाबुआ जिले को सूखाग्रस्त घोषित किया गया है। कम बारिश के कारण जिले के कई तालाबों, डेम और बैराज में जलस्तर काफी नीचे चला गया है। आगामी ग्रीष्मकाल में संभावित पेयजल संकट को देखते हुए नगर परिषद थांदला के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट से मुलाकात कर नगर की पेयजल समस्या से अवगत कराया तथा अतिरिक्त जल उपलब्ध कराने की मांग रखी।

प्रतिनिधिमंडल में नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील पणदा, भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं एल्डरमेन पार्षद


गगनेश उपाध्याय, भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं पार्षद समर्थ उपाध्याय तथा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के उपाध्यक्ष मुकेश चौहान शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को पत्र सौंपकर थांदला नगर में आगामी दिनों में उत्पन्न होने वाली संभावित पेयजल समस्या की जानकारी दी।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि नगर परिषद थांदला के बैराज की कुल जलभराव क्षमता 15 फीट है, जबकि वर्तमान में इसमें मात्र 4 से 5 फीट पानी ही शेष है। यानी बैराज लगभग 11 फीट खाली है। सामान्य परिस्थितियों में प्रतिवर्ष दिसंबर माह में बैराज के गेट बंद किए जाते हैं, लेकिन इस वर्ष वर्षाकाल समय से पहले समाप्त होने और कम बारिश के चलते सितंबर-अक्टूबर माह में ही बैराज के गेट बंद करने पड़े। इससे जलस्रोतों में पर्याप्त पानी संग्रहित नहीं हो पाया है।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि प्रतिवर्ष शिवसागर से मार्च माह में पानी की सप्लाई प्रारंभ की जाती थी, लेकिन इस वर्ष जलस्तर की स्थिति को देखते हुए नवंबर माह से ही शिवसागर से पानी लेना शुरू करना पड़ रहा है। ऐसे में आगामी महीनों में नगर की नियमित पेयजल व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त जल की आवश्यकता होगी।

कलेक्टर ने दिया पेयजल संकट नहीं आने देने का भरोसा

प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनने के बाद कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने आश्वस्त किया कि झाबुआ जिले सहित थांदला नगर में किसी भी स्थिति में पेयजल की कमी नहीं आने दी जाएगी। प्रशासन का पूरा प्रयास रहेगा कि नगरवासियों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो। आवश्यकता पड़ने पर मां नर्मदा के जल अथवा शिवसागर से अतिरिक्त पानी की व्यवस्था कर नगर की पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

कलेक्टर ने कहा कि संभावित जल संकट को देखते हुए प्रशासन पहले से ही आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का प्रयास करेगा, ताकि आम नागरिकों को पेयजल के लिए परेशानियों का सामना न करना पड़े।

जल का अपव्यय रोकने के लिए भी दिए निर्देश

कलेक्टर श्री भरसट ने जिलेवासियों से अपील की कि कम वर्षा और घटते जलस्तर को देखते हुए पानी का अनावश्यक उपयोग नहीं करें। जल संरक्षण के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में खुले नलों से व्यर्थ बहने वाले पानी को रोकने तथा जल के अपव्यय पर नियंत्रण के लिए प्रभावी योजना बनाने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि पानी की बचत और उपलब्ध जल का समुचित उपयोग सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि सभी नागरिकों को नियमित पेयजल सुविधा मिल सके।

अल्पवर्षा के कारण उत्पन्न चुनौती के बीच प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों से आगामी ग्रीष्मकाल में थांदला नगर की पेयजल व्यवस्था सुचारु बनाए रखने की दिशा में पहल की जा रही है।

देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज

प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा मंच है। यहां विभिन्न समाचार पत्रों/टीवी चैनलों में कार्यरत पत्रकार अपनी महत्वपूर्ण खबरें प्रकाशन हेतु प्रेषित करते हैं ।

Advertisement

Subscribe Youtube

Advertisement

सेंसेक्स

Trending

कॉपीराइट © 2025. प्रादेशिक जन समाचार

error: Content is protected !!