Connect with us

झाबुआ

आत्मनिर्भरता एवं विकास की दिशा में निरंतर अग्रसर है मध्यप्रदेश – मंत्री सुश्री भूरिया

Published

on

झाबुआ – । मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग, भोपाल के निर्देशानुसार झाबुआ जिले में एक दिवसीय जिला स्तरीय समारोह का आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य में डीआरपी लाइन सामुदायिक भवन, झाबुआ में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के पूजन एवं कन्या पूजन के साथ किया गया। इसके उपरांत पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं द्वारा वंदे मातरम् एवं मध्यप्रदेश गान की प्रस्तुति दी गई।

मध्यप्रदेश आत्मनिर्भरता एवं विकास की दिशा में निरंतर अग्रसर – मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया
महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारा मध्यप्रदेश देश का हृदय प्रदेश है। प्रदेश की स्थापना के 70 वर्षों की विकास यात्रा में व्यापक परिवर्तन देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि उन्हें अविभाजित मध्यप्रदेश में भी विधायक के रूप में कार्य करने का अवसर मिला है। छत्तीसगढ़ के पृथक राज्य बनने के बाद संसाधनों का बंटवारा हुआ, लेकिन मध्यप्रदेश ने अपने सामर्थ्य एवं संसाधनों के बल पर बिजली उत्पादन, अधोसंरचना, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।

मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि मध्यप्रदेश की विशेषता इसकी सांस्कृतिक एवं भाषायी विविधता है। प्रदेश का प्रत्येक जिला अपनी कला, संस्कृति एवं परंपराओं के लिए विशिष्ट पहचान रखता है। प्रदेश सरकार द्वारा सांदीपनि विद्यालयों में विद्यार्थियों को सर्वसुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों एवं दूरस्थ फलियों तक सड़क सुविधाओं के विस्तार के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने किसानों से कम पानी की आवश्यकता वाली फसलों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के माध्यम से आमजन की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। वहीं उद्यमी संवाद जैसी पहल से युवाओं एवं उद्यमियों को प्रोत्साहित कर स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि झाबुआ जिले की प्रगति से मध्यप्रदेश का विकास होगा और मध्यप्रदेश के विकास से देश की प्रगति को नई गति मिलेगी।

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं विविधता के लिए विशिष्ट पहचान रखता है। झाबुआ जिले में शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। जिले के 180 छात्रावासों में पालक अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले के युवा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झाबुआ का गौरव बढ़ा रहे हैं तथा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक  देवेन्द्र पाटीदार ने कहा कि मध्यप्रदेश अपने गठन के 70 वर्ष पूर्ण कर 71वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। प्रदेश शिक्षा, स्वास्थ्य, कला एवं संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने साइबर सुरक्षा एवं नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा रोजगार के साथ स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश कला, संस्कृति एवं महान प्रतिभाओं की भूमि है। झाबुआ जिला अपनी जनजातीय संस्कृति, भगोरिया पर्व, कड़कनाथ एवं सफेद मक्का के लिए विशेष पहचान रखता है। जिले के युवा खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं तथा कृषि एवं आजीविका के क्षेत्र में स्व-सहायता समूहों की महिलाएं महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष भानु भूरिया ने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश के विकास में झाबुआ जिले की जनजातीय संस्कृति एवं प्राकृतिक संसाधनों का महत्वपूर्ण योगदान है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास की दिशा में अग्रसर है।

पूर्व सांसद गुमान सिंह डामोर ने कहा कि मध्यप्रदेश ने वन एवं वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान स्थापित की है। प्रदेश में सड़क, बिजली, पानी एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का व्यापक विस्तार हुआ है। झाबुआ जिले में आठ लेन सड़क परियोजना सहित विभिन्न अधोसंरचना विकास कार्यों से क्षेत्र की कनेक्टिविटी सुदृढ़ हो रही है।

अतिथियों ने किया शासन की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर अतिथियों द्वारा मध्यप्रदेश शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की गई।

लोकतंत्र सेनानी एवं शहीद परिवार का किया सम्मान
समारोह में अतिथियों द्वारा लोकतंत्र सेनानी  विमलचंद्र काठी एवं शहीद की पत्नी श्रीमती सरला शुक्ला का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।

किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज के विजेताओं को प्रदान किए पुरस्कार
वीर भारत न्यास एवं संस्कृति विभाग के माध्यम से ‘कृषि लोकोत्सव 2026’ के अंतर्गत 29 जनवरी से 15 मार्च 2026 तक आयोजित ‘किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज 2026’ के विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अंतर्गत प्रथम पुरस्कार के विजेता ग्राम घुघरी, तहसील पेटलावद के नरेंद्र पोरवाल को 7 लाख 26 हजार रुपये मूल्य का ट्रैक्टर, द्वितीय पुरस्कार के विजेता ग्राम मदरानी, तहसील मेघनगर के अरुण बारिया को 1 लाख 68 हजार रुपये मूल्य की बुलेट मोटरसाइकिल तथा तृतीय पुरस्कार की विजेता ग्राम सामली, तहसील पेटलावद की मोती मेड़ा को 1 लाख 20 हजार रुपये मूल्य की ई-स्कूटी प्रदान की गई।

श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति के अंतर्गत विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत
श्रीकृष्ण पाथेय द्वारा आयोजित श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा एक-एक लाख रुपये की नगद पुरस्कार राशि एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इसके अंतर्गत सांदीपनि विद्यालय पेटलावद के विद्यार्थी अजय नायक एवं शासकीय हाई स्कूल रायपुरिया के विद्यार्थी लोकेश मेड़ा को सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह में कर्मचारी पुत्री छात्रावास, अंग्रेजी माध्यम आश्रम एवं पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। छात्राओं ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध कला, संस्कृति एवं परंपराओं की झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान गायन से किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधिगण, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  प्रतिपाल सिंह महोबिया, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे ।

देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज

प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा मंच है यहाँ विभिन्न टीवी चैनेलो और समाचार पत्रों में कार्यरत पत्रकार अपनी प्रमुख खबरे प्रकाशन हेतु प्रेषित करते है।

Advertisement

Subscribe Youtube

Advertisement

सेंसेक्स

Trending

कॉपीराइट © 2025. प्रादेशिक जन समाचार

error: Content is protected !!