Connect with us

झाबुआ

दीपावली पर सुगम यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस-प्रशासन की व्यापारियों के साथ बैठक

Published

on

झाबुआ। दीपावली पर्व के अवसर पर शहर में सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आज दिनांक गुरुवार को पुलिस एवं प्रशासन द्वारा शहर के व्यापारी वर्ग के साथ पुलिस कंट्रोल रूम के सभा कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में SDM  महेश मंडलोई एवं SDOP श्रीमती मोनिका सिंह द्वारा व्यापारियों से दीपावली पर्व के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़, वाहनों की आवाजाही, कमर्शियल वाहनों के निर्धारित समय में प्रवेश, अतिक्रमण एवं पार्किंग व्यवस्था के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा दिनांक 06 नवंबर 2026 से 09 नवंबर 2026 तक लागू की गई विशेष यातायात एवं मार्ग व्यवस्था से व्यापारियों को अवगत कराया गया। एडवाइजरी के अनुसार मरीमाता मंदिर से राजवाड़ा तक एवं खोडियार माता मंदिर तिराहे से राजवाड़ा तक व्यावसायिक वाहनों का आवागमन प्रातः 10:00 बजे से रात्रि 09:00 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। इसी प्रकार इमली चौक से मनोकामना तिराहा तक एवं छत्री चौक से राजवाड़ा तक चार एवं तीन पहिया वाहनों का आवागमन भी उक्त समयावधि में प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही झाबुआ शहर में भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रातः 07:00 बजे से रात्रि 08:00 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। आकस्मिक अथवा विशेष परिस्थितियों में ही वाहनों का आवागमन किया जा सकेगा।

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए छत्री चौक पर वाहनों की पार्किंग हेतु निर्धारित व्यवस्था की गई है। आमजन एवं व्यापारी अपने दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। मुख्य मार्गों, चौराहों, तिराहों एवं संकरी सड़कों पर वाहन पार्क न करें, जिससे यातायात बाधित न हो। व्यापारियों से अपील की गई कि वे अपनी दुकानों के बाहर सड़क एवं फुटपाथ पर सामान, काउंटर अथवा अन्य सामग्री रखकर अतिक्रमण न करें तथा माल की लोडिंग-अनलोडिंग निर्धारित समय में ही करवाएं।

बाजार में यातायात पुलिस एवं नगरपालिका की संयुक्त टीम करेगी लगातार भ्रमण

बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस एवं नगरपालिका की संयुक्त टीम द्वारा लगातार भ्रमण एवं निगरानी की जाएगी। संयुक्त टीम द्वारा बाजार क्षेत्र में यातायात को बाधित करने वाले अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग एवं अन्य समस्याओं पर नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि आमजन को बाजार में आवागमन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मार्गों एवं पार्किंग स्थलों की साफ-सफाई के निर्देश
बैठक में SDM श्री मंडलोई द्वारा नगरपालिका के संबंधित अधिकारियों को दीपावली पर्व के दृष्टिगत शहर के प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्र एवं निर्धारित पार्किंग स्थलों की साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देशित किया कि आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मार्गों एवं पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित एवं स्वच्छ रखा जाए, जिससे त्योहार के दौरान नागरिकों को आवागमन एवं वाहन पार्किंग में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

CCTV कैमरे लगवाने के लिए व्यापारियों को किया प्रोत्साहित

बैठक में SDOP श्रीमती मोनिका सिंह द्वारा व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों एवं दुकानों के बाहर उच्च गुणवत्ता वाले CCTV कैमरे लगवाने तथा उन्हें सुचारू रूप से संचालित रखने के लिए प्रोत्साहित किया गया। उन्होंने बताया कि CCTV कैमरे किसी अप्रिय घटना की स्थिति में महत्वपूर्ण साक्ष्य उपलब्ध कराने के साथ ही असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने एवं अपराधों की रोकथाम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। व्यापारियों से बाजार क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई।

अवैध पटाखा भंडारण एवं संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील

दीपावली पर्व के दौरान अवैध रूप से पटाखों के भंडारण, बिना अनुमति आतिशबाजी सामग्री के संग्रहण अथवा विक्रय तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। व्यापारियों को पटाखों के सुरक्षित एवं नियमानुसार भंडारण तथा विक्रय के संबंध में आवश्यक सावधानियों से भी अवगत कराया गया।

असामाजिक तत्वों पर सादे वस्त्रों में पुलिस रखेगी निगरानी

कानून एवं शांति व्यवस्था के संबंध में पुलिस प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि दीपावली पर्व के दौरान बाजारों एवं शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। असामाजिक तत्वों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस द्वारा सादे वस्त्रों में भी निगरानी की जाएगी। त्योहार की आड़ में हुड़दंग करने, अनावश्यक विवाद उत्पन्न करने, महिलाओं एवं आमजन के साथ अभद्र व्यवहार करने अथवा लोकशांति भंग करने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

आमजन एवं वाहन चालकों से यातायात नियमों के पालन की अपील

शहर में बाहर से आने वाले नागरिकों से अपील की गई कि वे झाबुआ में प्रवेश करने से पूर्व निर्धारित यातायात एवं मार्ग व्यवस्था की जानकारी प्राप्त करें तथा प्रतिबंधित मार्गों के स्थान पर निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। वाहन चालकों से यातायात संकेतकों एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट एवं चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा एम्बुलेंस एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को तत्काल रास्ता देने की अपील की गई।

बैठक में पुलिस एवं प्रशासन द्वारा व्यापारी वर्ग से विशेष रूप से आग्रह किया गया कि वे यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें तथा अपने प्रतिष्ठानों पर आने वाले ग्राहकों को भी निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने एवं यातायात नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित करें।

पुलिस एवं प्रशासन द्वारा बताया गया कि दीपावली पर्व के दौरान आमजन की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ ही विशेष निगरानी रखी जाएगी। यातायात नियमों एवं जारी एडवाइजरी का उल्लंघन करने तथा कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

झाबुआ पुलिस आमजन एवं व्यापारी वर्ग से अपील करती है कि दीपावली का पर्व हर्षोल्लास, आपसी सौहार्द एवं सुरक्षित वातावरण में मनाएं। यातायात नियमों का पालन करें, असामाजिक गतिविधियों से दूर रहें तथा झाबुआ शहर को सुगम, स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें। बैठक में थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक रोहित निकम, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राजेंद्र भदौरिया, नगरपालिका अधिकारी मिलन पटेल सहित सकल व्यापारी संघ के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज

प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा मंच है यहाँ विभिन्न टीवी चैनेलो और समाचार पत्रों में कार्यरत पत्रकार अपनी प्रमुख खबरे प्रकाशन हेतु प्रेषित करते है।

Advertisement

Subscribe Youtube

Advertisement

सेंसेक्स

Trending

कॉपीराइट © 2025. प्रादेशिक जन समाचार

error: Content is protected !!