Connect with us

झाबुआ

झाबुआ में निकली भव्य चैत्य परिपाटी शोभायात्रा, प्रभु दर्शन-वंदन कर श्रद्धालुओं ने की धर्म आराधना

Published

on

झाबुआ  —– स्थानीय श्री ऋषभदेव बावन जिनालय तीर्थ से रविवार को किसनपुरी स्थित श्री गोड़ी पार्श्वनाथ जिनालय तक भव्य चैत्य परिपाटी शोभायात्रा का आयोजन किया गया। चातुर्मास हेतु विराजित पुण्य सम्राट की शिष्या एवं वर्तमान गच्छाधिपति आचार्य श्रीमद् विजय नित्यसेन सूरीश्वरजी म.सा. की आज्ञानुवर्ती साध्वीश्री अविचल दृष्टाश्रीजी आदि ठाणा-7 की निश्रा में यह आयोजन श्रीमती रुचि मुकेश जैन नाकोड़ा के सिद्धि तप की अनुमोदना के निमित्त रखा गया। इसके लाभार्थी श्रीमती चंदनबाला, मुकेश एवं मनोज जैन नाकोड़ा परिवार थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 7:30 बजे श्री ऋषभदेव बावन जिनालय की पोषधशाला में हुआ। श्रीसंघ अध्यक्ष संजय मेहता , भारत बाबेल, अनिल संघवी, राजेंद्र भंडारी, सहित अनेक सदस्यों ने चैत्य परिपाटी के लाभार्थी मुकेश एवं मनोज जैन नाकोड़ा परिवार का बहुमान किया। इसके पश्चात दर्शन-वंदन एवं मंगलाचरण के साथ साध्वी मंडल और श्रीसंघ के सदस्यों ने आदिनाथ प्रभु के जयकारों के बीच शोभायात्रा प्रारंभ की। यात्रा लक्ष्मीबाई मार्ग एवं राजवाड़ा होते हुए राजगढ़ नाका से श्री गोड़ी पार्श्वनाथ जिनालय पहुंची।

यहां जिनालय ट्रस्ट मंडल के सदस्यों एवं समाजजनों ने साध्वी मंडल की अक्षत-श्रीफल से गहुली कर अगवानी की। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने प्रभु गोड़ी पार्श्वनाथ के दर्शन-वंदन किए तथा साध्वीजी की निश्रा में चैत्यवंदना संपन्न हुई। बाद में प्रवचन हॉल में धर्मसभा आयोजित की गई।

धर्मसभा में साध्वीश्री अविचल दृष्टाश्रीजी ने कहा कि चातुर्मास में पर्यूषण पर्व के पश्चात चैत्य परिपाटी के आयोजन का शास्त्रों में विधान बताया गया है। इसी परंपरा के अनुरूप नाकोड़ा परिवार ने यह आयोजन करवाया है। तीर्थ यात्राओं के माध्यम से प्रभु के दर्शन-वंदन एवं भक्ति करने से व्यक्ति जीवन को सार्थक बनाता है तथा मिथ्यात्व से सम्यक दर्शन की ओर अग्रसर होता है। झाबुआ के ऐतिहासिक गोड़ी पार्श्वनाथ जिनालय में प्रभु के दर्शन कर सभी श्रद्धालु आनंदित हैं।

बहुमान एवं नवकारसी का आयोजन

धर्मसभा में श्री गोड़ी पार्श्वनाथ जिनालय ट्रस्ट मंडल के तेजप्रकाश कोठारी, कैलाश सकलेचा, अशोक राठौर सहित मनोज खाबिया, संजय मेहता, कमलेश कोठारी, मनोहर छाजेड़ एवं प्रमोद भंडारी आदि ने चैत्य परिपाटी के लाभार्थी मुकेश एवं मनोज जैन नाकोड़ा परिवार का बहुमान किया। साथ ही तपस्वी श्रीमती रुचि नाकोड़ा, श्रेणिक तप की तपस्वी मंजूबेन पोरवाल एवं शाल, श्रीफल, माला एवं तिलक से सम्मान किया गया। अंत में लाभार्थी मनोज एवं मुकेश जैन नाकोड़ा परिवार की ओर से नवकारसी का आयोजन किया गया।संचालन मनोहर छाजेड़ एव कमलेश कोठारी ने किया ।आभार कैलाश सकलेचा ने माना ।

देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज

प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा मंच है। यहां विभिन्न समाचार पत्रों/टीवी चैनलों में कार्यरत पत्रकार अपनी महत्वपूर्ण खबरें प्रकाशन हेतु प्रेषित करते हैं ।

Advertisement

Subscribe Youtube

Advertisement

सेंसेक्स

Trending

कॉपीराइट © 2025. प्रादेशिक जन समाचार

error: Content is protected !!