Connect with us

झाबुआ

एसडीएम भास्कर गाचले ने ईआरएमएस अग्राल का किया औचक निरीक्षण

Published

on

शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के दिए निर्देश, छात्रावास के विद्यार्थियों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने पर दिया जोर

थांदला (वत्सल आचार्य की रिपोर्ट) एसडीएम थांदला श्री भास्कर गाचले द्वारा आज ईआरएमएस अग्राल का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की पढ़ाई, छात्रावास की व्यवस्थाओं एवं विद्यार्थियों की समस्याओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के प्रारंभ में एसडीएम श्री भास्कर गाचले ने शाला प्राचार्य की उपस्थिति में समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं की बैठक ली। बैठक में उन्होंने विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने, शिक्षण कार्य में गुणवत्ता लाने तथा विद्यालय के परीक्षा परिणाम में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की पढ़ाई की नियमित समीक्षा की जाए तथा कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देकर उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया जाए।

एसडीएम ने विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों एवं छात्रावास में निवासरत छात्र-छात्राओं की प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षकों के आपसी विवादों में विद्यार्थियों को शामिल करना अथवा उनका किसी भी प्रकार से दुरुपयोग करना स्वीकार्य नहीं होगा। इस प्रकार की गतिविधियां सामने आने पर संबंधित शिक्षक-शिक्षिकाओं के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

छात्रावास के विद्यार्थियों से अलग-अलग चर्चा कर जानी समस्याएं

निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री गाचले ने छात्रावास में निवासरत छात्राओं एवं छात्रों से पृथक-पृथक चर्चा कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों द्वारा बताई गई समस्याओं के निराकरण के लिए उन्होंने शाला प्राचार्य एवं छात्रावास वार्डन सहित संबंधित जिम्मेदारों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण, नियमित निगरानी तथा उनकी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया।

राज्य स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों का सम्मान

निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री भास्कर गाचले ने खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए राज्य स्तर पर विद्यालय का प्रतिनिधित्व करने वाले फुटबॉल, कबड्डी एवं एथलेटिक्स के खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर तथा माला पहनाकर सम्मानित किया।

उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी आगे बढ़ना चाहिए।

विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य के लिए किया प्रेरित

एसडीएम श्री भास्कर गाचले ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन करने, समय का सदुपयोग करने तथा परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन एवं लगन के साथ आगे बढ़ने का मार्गदर्शन दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

निरीक्षण के अंत में एसडीएम श्री गाचले ने सभी छात्र-छात्राओं को आगामी दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उनका यह निरीक्षण विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, छात्रावास की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।

देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज

प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा मंच है। यहां विभिन्न समाचार पत्रों/टीवी चैनलों में कार्यरत पत्रकार अपनी महत्वपूर्ण खबरें प्रकाशन हेतु प्रेषित करते हैं ।

Advertisement

Subscribe Youtube

Advertisement

सेंसेक्स

Trending

कॉपीराइट © 2025. प्रादेशिक जन समाचार

error: Content is protected !!