झाबुआ – । महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के सतत प्रयासों से झाबुआ जिले को ग्रामीण अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सौगात मिली है। जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिया एवं रिटर्निंग वॉल निर्माण के कुल 11 विकास कार्यों के लिए 17 करोड़ 80 लाख 71 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इन निर्माण कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधाओं का विस्तार होगा तथा वर्षा ऋतु में आवागमन संबंधी समस्याओं के निराकरण में सहायता मिलेगी।
ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग द्वारा जारी तकनीकी स्वीकृतियों के आधार पर स्थायी वित्तीय समिति की आयोजित द्वितीय बैठक में अनुमोदन उपरांत विभिन्न विकास कार्यों के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
स्वीकृत कार्यों में जनपद पंचायत रामा की ग्राम पंचायत कलमोड़ा में कलमोड़ा-चुड़ैली मार्ग पर पुलिया निर्माण के लिए 40.44 लाख रुपये, जनपद पंचायत पेटलावद की ग्राम पंचायत मातापाड़ा में पेट्रोल पंप से स्कूल भवन तक पुलिया सह रिटर्निंग वॉल निर्माण के लिए 54.78 लाख रुपये तथा ग्राम पंचायत रायपुरिया में मेन रोड अस्पताल से बगलाटोड़ी नवापाड़ा तक पुलिया सह रिटर्निंग वॉल निर्माण के लिए 113.31 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसी प्रकार जनपद पंचायत पेटलावद की ग्राम पंचायत मुलथानिया में बामनिया-पेटलावद मार्ग से नवापाड़ा तक 0.80 किलोमीटर मार्ग पर पुलिया सह रिटर्निंग वॉल निर्माण के लिए 120.35 लाख रुपये, ग्राम पंचायत भीलकोटड़ा में सामरी नदी मार्ग पर पुलिया निर्माण के लिए 127.32 लाख रुपये तथा जनपद पंचायत रामा की ग्राम पंचायत आम्बा माछलिया में बड़ी भैंसाकराई में पुलिया निर्माण के लिए 184.38 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसके अतिरिक्त जनपद पंचायत पेटलावद की ग्राम पंचायत खोरिया में खोरिया नाले पर 0.60 किलोमीटर मार्ग पर पुलिया सह रिटर्निंग वॉल निर्माण के लिए 191.25 लाख रुपये, ग्राम पंचायत झकनावदा में झकनावदा-तारखेड़ी मार्ग पर पुलिया निर्माण के लिए 195.93 लाख रुपये तथा ग्राम पंचायत करनगढ़ के मोईचारणी क्षेत्र में करनगढ़-नेगढ़ी नदी पर पुलिया निर्माण के लिए 243.63 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
वहीं जनपद पंचायत रामा की ग्राम पंचायत माछलिया में रोला नाका नाले पर पुलिया सह रिटर्निंग वॉल निर्माण के लिए 244.91 लाख रुपये तथा जनपद पंचायत पेटलावद की ग्राम पंचायत पारेवा में दरा फलिया स्थित नेगड़ी नदी पर पुलिया सह रिटर्निंग वॉल निर्माण के लिए 264.41 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने जिले में विकास कार्यों की स्वीकृति पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क, सुरक्षित आवागमन एवं आवश्यक अधोसंरचना का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि इन निर्माण कार्यों से विशेष रूप से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों, किसानों, विद्यार्थियों एवं आमजन को लाभ मिलेगा। वर्षा ऋतु में नदी-नालों के कारण आवागमन में आने वाली कठिनाइयों को दूर करने में इन पुलिया निर्माण कार्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। साथ ही ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा होगी।
उन्होंने कहा कि झाबुआ जिले के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। स्वीकृत निर्माण कार्यों से ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी तथा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।
देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज
प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा मंच है यहाँ विभिन्न टीवी चैनेलो और समाचार पत्रों में कार्यरत पत्रकार अपनी प्रमुख खबरे प्रकाशन हेतु प्रेषित करते है।